राम-जानकी मंदिर के गेट पर बन रहा वेडिंग जोन, पटरी व्यवसायियों को मिलेगी जगह
निचलौल (महाराजगंज): आदर्श नगर पंचायत निचलौल के कोर्ट वार्ड स्थित राम-जानकी मंदिर को भव्य स्वरूप देने और परिसर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में नगर पंचायत प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। मंदिर के मुख्य गेट पर लगभग 7 लाख रुपये की लागत से वेडिंग जोन का निर्माण कराया जा रहा है। इसे छठ पूजा से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वेडिंग जोन बनने के बाद पटरी व्यवसायियों को दुकान लगाने के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा। साथ ही मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को फूल, प्रसाद, पूजन सामग्री और खानपान की वस्तुएं एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे मंदिर परिसर में व्यवस्था बेहतर होगी और श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ेंगी।
चेयरमैन प्रतिनिधि सुनील मद्धेशिया उर्फ मुन्ना ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य पटरी व्यवसायियों को बेहतर स्थान उपलब्ध कराना और राम-जानकी मंदिर का सौंदर्यीकरण करना है। नगर पंचायत प्रशासन मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य कर रहा है।





